मायदा टाइम्स, मुज़फ्फरनगर
मुज़फ्फरनगर जनपद में कोरोना संक्रमित मरीज़ों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। एक रिटायर्ड फौजी की कोरोना पॉज़िटिव रिपोर्ट आने के बाद अब जनपद में मरीज़ों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है।
जानकारी के अनुसार खतौली थाना क्षेत्र के गाँव वाजिदपुर खुर्द में एक रिटायर फौजी के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया है। सीएमओ के आदेश पर गाँव पहुँची डब्लूएचओ की टीम कोरोना पॉजिटिव रिटायर्ड फौजी को अपने साथ ले गयी। पुलिस ने गांव को सील कर ग्रामीणों के घरों से निकलने पर पाबन्दी लगा दी है। रिटायर्ड फौजी का एक मकान कस्बे की जमना विहार कॉलोनी में होने से नगरवासियों में भी दहशत का माहौल बन गया है।
नगर पालिका चेयरपर्सन बिलकीस बेगम के आदेश पर पालिका कर्मचारियों ने कॉलोनी को सैनीटाइजर करने का काम तेजी से प्रारम्भ कर दिया है। पुलिस ने जमना विहार की एक गली को सील कर लोगों के घरों से निकलने पर पाबन्दी लगा दी है। वाजिदपुर खुर्द निवासी एक व्यक्ति 5 वर्ष पूर्व फौज से रिटायर्ड होने के बाद दिल्ली की एक सिक्योरिटी कम्पनी के अनुबन्ध में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में गार्ड को नोकरी कर रहा था। बताया गया 25 मार्च को लॉकडाउन लागू होने के बाद नजला, खाँसी की शिकायत होने पर वह छुट्टी लेकर अपने गाँव वापस आ गया था। बताया गया 4 अप्रैल को वह जमना विहार कॉलोनी स्थित अपने घर पर आया था।
इस सम्बंध में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने बताया कि आज 28 जांच रिपोर्ट शाम आई है, जिसमें एक पॉजिटिव है और 27 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उक्त मरीज को बेगराजपुर मैडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया।
बता दें कि लगातार कोरोना पॉज़िटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।